शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने धमकी देने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के मामले में वांछित चल रहे खनन माफिया इकबाल उर्फ बाला के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को ग्राम शफीपुर निवासी मेघराज पुत्र चतर सिंह ने थाना मिर्जापुर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इक्लाख पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम बादशाहीबाग उर्फ मायापुर रुपपुर थाना मिर्जापुर तथा सलमान पुत्र इरफान निवासी ग्राम कुंजा ग्रांट थाना विकासनगर जिला देहरादून सहित अन्य लोग उस पर खनन माफिया इकबाल उर्फ बाला के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
वादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने न केवल मुकदमा वापस लेने की धमकी दी बल्कि उसकी जमीन पर कब्जा करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 118/26 के तहत धारा 308(7), 308(5), 351(3) एवं 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश और निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने आरोपी इक्लाख को दिल्ली-विकासनगर रोड स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी के गेट के पास से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी सलमान को खैरा से मगनपुरा जाने वाले मार्ग पर तिहारा के निकट से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और उससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या किसी को धमकाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रहा है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक सचिन त्यागी, हेड कांस्टेबल अमित राठी तथा कांस्टेबल राहुल मोटला शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।








