शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होटल पंजाब परिसर में संस्था के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए सत्र वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में संस्था की भावी योजनाओं, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा औद्योगिक कार्यक्रमों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संस्था की विभिन्न सब्जेक्ट कमेटियों का गठन करते हुए उनके कन्वीनरों की भी नियुक्ति की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्था का नया सत्र वर्ष 2026-27 प्रारंभ हो चुका है और संस्था इस वर्ष भी औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा पूरे वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का एक विस्तृत कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके अनुरूप वर्षभर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
रविंद्र मिगलानी ने कहा कि संस्था ने बहुत कम समय में सहारनपुर जनपद सहित आसपास के जिलों में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। यह उपलब्धि संस्था के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, एकजुटता और निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे आने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक के दौरान संस्था के आगामी कार्यक्रमों को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों, युवाओं की भागीदारी, सांस्कृतिक आयोजनों तथा उद्योग जगत से संबंधित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही संस्था की कार्यशैली को और मजबूत बनाने तथा जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संस्था विभिन्न विषयों पर कार्य करने के लिए अलग-अलग सब्जेक्ट कमेटियों का गठन करेगी, जिससे कार्यक्रमों का संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया जा सके। इसके लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
इस अवसर पर महासचिव अमित चौधरी, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्ढा, संयुक्त कोषाध्यक्ष सक्षम बत्रा, चीफ कोऑर्डिनेटर संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष रविंद्र कालड़ा, सचिव अमित कुमार टक्कर, विक्रांत पुंडीर, सुमित पोपली सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक और औद्योगिक क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।








