शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के गंगोह क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव ईसापुर स्थित एक प्राइवेट आईटीआई में तैनात सिक्योरिटी गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। मृतक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली गंगोह क्षेत्र के गांव ईसापुर निवासी 24 वर्षीय आदित्य पुत्र नीटू गांव में स्थित काबज आईटीआई में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए आईटीआई पहुंचा था। शनिवार सुबह जब कॉलेज स्टाफ परिसर में पहुंचा तो आदित्य अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आदित्य की धारदार हथियार से हत्या की गई है और बाद में शव को खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिसके चलते पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ईसापुर निवासी आदित्य की हत्या कर दी गई है। मृतक के पिता नीटू पुत्र पूर्ण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आशु पुत्र देवेंद्र निवासी अमलापुर चौसाना और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
पुलिस टीम कॉलेज परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आईटीआई परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों की और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।








