सहारनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की शराब दुकानों पर छापेमार कार्रवाई, ओवररेटिंग और स्टॉक की जांच

सहारनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामभरोस सारण और आबकारी विभाग की टीम ने शराब दुकानों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया। ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर और होलोग्राम की जांच कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अवैध शराब बिक्री, ओवररेटिंग और बाहरी राज्यों से लाई जा रही अवैध शराब पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रशासन और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रामभरोस सारण ने आबकारी विभाग की टीम के साथ शहर की कई शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गहन जांच की।

चेकिंग अभियान के दौरान कोर्ट रोड, खलासी लाइन और लकड़ी का पुल क्षेत्र स्थित शराब दुकानों पर पहुंचकर अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, होलोग्राम और स्टॉक मिलान की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर शराब बिक्री के निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी समीक्षा की गई।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामभरोस सारण ने आबकारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्र की टीम के साथ दुकानदारों से पूछताछ कर रिकॉर्ड का मिलान कराया। अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर ध्यान दिया कि कहीं दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री तो नहीं की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही शराब की बिक्री की जाए और किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शराब की प्रत्येक बोतल पर लगे होलोग्राम और बैच नंबर की भी जांच की गई ताकि नकली या अवैध शराब की बिक्री की संभावना को रोका जा सके।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामभरोस सारण ने कहा कि जनपद में आबकारी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता बनाए रखना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यवाहक जिला आबकारी अधिकारी विशाल वर्मा ने बताया कि यह अभियान विभाग की नियमित कार्यवाही का हिस्सा है और समय-समय पर जिलेभर में शराब दुकानों की चेकिंग की जाती है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार सक्रिय है।

वहीं उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि सभी सेक्टर और सर्कल आबकारी निरीक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से आने वाली अवैध शराब पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही गांव और देहात क्षेत्रों में कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए शराब की खपत बढ़ जाती है, ऐसे में विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

चेकिंग अभियान में प्रधान आबकारी सिपाही रविकांत राय, प्रधान सिपाही राजेश कुमार, सिपाही पप्पू सहित अन्य विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शी व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर होने वाली इस तरह की चेकिंग से ओवररेटिंग और अवैध शराब बिक्री पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। वहीं आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जिलेभर में इसी प्रकार औचक निरीक्षण और छापेमार अभियान जारी रहेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य