शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत कार्यरत समूह सखी महिलाओं के वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जनता देश संगठन (जेडीएस) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि वर्षों से सरकारी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रही समूह सखी महिलाओं को बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
आईटीसी रोड स्थित जनता देश संगठन कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि संगठन लंबे समय से समूह सखी महिलाओं की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि समूह सखी महिलाएं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें मात्र 800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में अत्यंत कम है।
जनता देश संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार (फौजी) ने कहा कि समूह सखी महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्हें गांवों में बैठकें आयोजित करने, योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और लाभार्थियों को जागरूक करने जैसे कई कार्य दिए जाते हैं। इसके बावजूद उनके मेहनताना में वर्षों से कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि कई बार सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए महिलाओं को अपने खर्च पर यात्रा करनी पड़ती है। इतना ही नहीं, कार्यक्रमों के दौरान होने वाले अन्य खर्च भी उन्हें स्वयं उठाने पड़ते हैं। ऐसे में इतने कम मानदेय में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।
सुरेश कुमार ने बताया कि संगठन पिछले डेढ़ वर्षों से समूह सखी महिलाओं के वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार महिलाओं की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।
जेडीएस पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 28 दिसंबर 2025 को सहारनपुर दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya को भी ज्ञापन देकर समूह सखी महिलाओं की समस्याओं से अवगत कराया गया था। उस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मांगों पर गंभीरता से विचार करने और समाधान कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
राष्ट्रीय महासचिव एवं महिला विंग अध्यक्षा एडवोकेट पिंकी पवन शिंदे ने कहा कि समूह सखी महिलाएं सरकार की योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने में अहम कड़ी हैं। इसके बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बनी हुई है। उन्होंने सरकार से महिलाओं के लिए सम्मानजनक वेतन निर्धारित करने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्षा महिला विंग एवं समूह-सखी संघर्ष समिति की अध्यक्षा बबीता कश्यप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द मांगों को स्वीकार नहीं करती है तो संगठन सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा और प्रदेश सरकार के खिलाफ पुतला दहन भी किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के मुख्य सलाहकार राजेश्वर दास सैनी, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बर्मन, जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बॉबी कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।








