शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने अंबाला रोड स्थित संत श्री आशारामजी बापू आश्रम के संचालक भरत गुप्ता हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को थाना कुतुबशेर में आश्रम से जुड़े नटवर सिंह पुत्र रजुजी चावड़ा निवासी संत श्री आशारामजी बापू आश्रम, अंबाला रोड की ओर से तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया था कि लेबर कॉलोनी निवासी गौरव कुमार गुप्ता ने आश्रम संचालक भरत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव कुमार गुप्ता को रेलवे लाइन के किनारे बनी शेड के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर पटरी के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भरत गुप्ता पर उसके करीब पांच लाख रुपये बकाया थे। वह कई दिनों से अपने पैसे वापस मांग रहा था। आरोपी के अनुसार 13 मई को वह पैसे मांगने के लिए आश्रम पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया। आरोपी ने बताया कि गुस्से में आकर उसने दवाई वितरण कक्ष में रखी लोहे की रॉड उठाकर भरत गुप्ता के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण भरत गुप्ता वहीं गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घबरा गया और लोहे की रॉड को अपने बैग में रखकर मौके से फरार हो गया। बाद में उसने पकड़े जाने के डर से अंबाला रोड स्थित नहर किनारे झाड़ियों में रॉड छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त रॉड बरामद कर ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव कुमार गुप्ता पुत्र झंडुराम निवासी लेबर कॉलोनी थाना कुतुबशेर के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक एच.एन. सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक भूपेश शर्मा, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल आशीष और कांस्टेबल योगेश शर्मा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।








