शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद Imran Masood ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 18 मई 2026 को गागलहेड़ी स्थित रॉयल पैलेस में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अनुशासित तरीके से सम्मेलन में पहुंचे और संगठन की गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संघर्ष और अनुशासन की परंपरा वाली पार्टी है तथा कार्यकर्ताओं का व्यवहार ही संगठन की पहचान बनता है।
गागलहेड़ी में आयोजित होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सांसद इमरान मसूद ने अपने अंबाला रोड स्थित कैंप कार्यालय पर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आयोजन को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद इमरान मसूद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सम्मेलन स्थल तक जाते और वहां से लौटते समय अनुशासन एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा में आमजन की सुविधा और सामाजिक सौहार्द का विशेष महत्व है। कार्यकर्ताओं को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि उनके कारण किसी नागरिक को असुविधा न हो। इमरान मसूद ने कहा कि संघर्ष कांग्रेस की संस्कृति है और अनुशासन उसकी परंपरा। यही कारण है कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष करती रही है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इमरान मसूद ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं और युवाओं की चिंताओं को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई सख्त कदम उठाने में विफल साबित हुई है। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, लेकिन सरकार निष्पक्ष जांच कराने के बजाय आवाज उठाने वालों को ही दबाने का प्रयास कर रही है।
सांसद इमरान मसूद ने कहा कि पिछले कई वर्षों में सैकड़ों परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आईं, लेकिन इसके बावजूद युवाओं को न्याय नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को गर्त में धकेलने का काम कर रही है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम जनता की आवाज बनकर खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की नफरत की राजनीति को समाप्त कर प्रदेश में अमन, सुकून और मोहब्बत का माहौल स्थापित करना है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जनता के सहयोग से उत्तर प्रदेश में विकास और भाईचारे की नई सरकार बनाने का काम करेगी। इमरान मसूद ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस उसी उम्मीद का नाम है।
सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे और प्रत्येक बूथ एवं वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी Avinash Pande, प्रदेश अध्यक्ष Ajay Rai सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ आगामी चुनावों की रणनीति तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष Sandeep Singh Rana, एमएलसी Shahnawaz Khan, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व शहर अध्यक्ष महेंद्र तनेजा और पूर्व चेयरमैन इरशाद चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी मेहनत से ही संगठन मजबूत होता है।
बैठक में संदीप वर्मा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, आरिफ खान, अरविंद पालीवाल, इसरार प्रमुख, डॉ. रागिब अंजुम, इमरान प्रमुख, राजन बिरला, डॉ. मोनिस खान, काजी शौकत हुसैन, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, अशोक जैन, इकराम खान, खुर्शीद, सुधांशु धनगर, डॉ. अमीर अहमद, कुणाल शांडिल्य, गुलफाम अंसारी, हरिओम मिश्रा, गौरव चौहान, मेनपाल पार्षद, रेखा धीमान, इजहार पार्षद, नदीम पार्षद, हाफिज इंडिया, बाहर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व महानगर उपाध्यक्ष अशोक जैन ने किया। नेताओं ने दावा किया कि गागलहेड़ी में होने वाला यह कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन के लिए नई ऊर्जा का काम करेगा और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई दिशा देगा।








