शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख तपन ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, सत्य और दायित्वों पर खरा उतरने की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सभागार में नारद जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख तपन, विभाग संघचालक Rakesh Veer और राजीव अग्रवाल ने भारत माता एवं श्री नारद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख तपन ने कहा कि व्यास जी द्वारा रचित 18 पुराणों में नारद पुराण का विशेष महत्व है। इसमें शिक्षा, व्याकरण, ज्योतिष, गणित, छंद शास्त्र तथा भगवान की उपासना का विस्तृत वर्णन मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत में ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा को नारद जयंती पत्रकारिता के आद्य प्रवर्तक के रूप में मनाई जाती है।
उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने भारत के इतिहास को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता ने लोगों तक उनकी भाषा में जानकारी पहुंचाकर सामाजिक चेतना और जनजागरण को मजबूत किया है।
विभाग संघचालक राकेश वीर ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल लोकतंत्र की आवाज नहीं रही, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता में भी इसका अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने पत्रकारों के सतत परिश्रम, निर्भीक लेखनी और निष्पक्ष दृष्टिकोण की सराहना करते हुए सभी पत्रकार साथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान नारद जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस पर एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें अखिलेश शर्मा और अमित कुमार विजेता घोषित किए गए। दोनों को चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सतीश शाह, खेमचंद सैनी, आलोक तनेजा, महेंद्र सचदेवा, रवि बक्शी, रमेश चंद्र छबीला, अश्वनी रोहिला, प्रदीप कुमार सोनी, अमित कौशिक, जे.एम. गांधी, अशोक शर्मा, अमित कुमार, डॉ. आरके पुंडीर, मनोज नरूला, विश्व प्रताप, ज्ञानेश, निशांत गुप्ता, रमन गुप्ता, अरुण प्रताप, अखिलेश, यश प्रताप, सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








