शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। लगातार बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सहारनपुर नगर निगम ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार दोपहर अपने दिल्ली रोड स्थित आवास से इलेक्ट्रिक स्कूटी पर निकलकर शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने नगर निगम द्वारा लगाई जा रही ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे सिस्टम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

महापौर दोपहर करीब एक बजे भीषण गर्मी के बीच स्कूटी से निकले और सबसे पहले कलक्ट्रेट व दीवानी तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर वहां लगाई जा रही ग्रीन नेट की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद वह घंटाघर पहुंचे, जहां कोर्ट रोड पर लगाई गई ग्रीन नेट का अवलोकन करते हुए नगर निगम अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार को निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर जल्द से जल्द ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूरा कराया जाए ताकि लोगों को तेज धूप से राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने घंटाघर स्थित एक छबील पर खड़े होकर राहगीरों को मीठा और शीतल जल भी पिलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है और सड़क पर खड़े होकर ट्रैफिक सिग्नल का इंतजार करना लोगों के लिए बेहद कठिन हो गया है। ऐसे में नगर निगम ने लोगों को राहत देने के उद्देश्य से ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाने का कार्य शुरू किया है।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर 50 से अधिक कूलर लगाए जा चुके हैं, जिससे राहगीरों और आम नागरिकों को राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर और भी स्थानों पर कूलर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शहर में बड़े स्तर पर छायादार पौधों का रोपण भी कराया जा रहा है ताकि भविष्य में गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उसी दिशा में नगर निगम भी कार्य कर रहा है। महापौर ने लोगों से ऊर्जा की बचत करने, जल संरक्षण अपनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि समाज मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करेगा तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति मयंक गर्ग, वरिष्ठ पार्षद मुकेश गक्खड़, दिग्विजय चौहान, चौधरी वीरसेन सिद्धू सहित नगर निगम के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








