विमल शर्मा
सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री से भरे तीन डंपरों को सीज कर दिया। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपदभर में अवैध खनन रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना बिहारीगढ़ पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने खनन सामग्री से भरे तीन ट्रक/डंपरों को रोका। वाहन चालकों से खनन संबंधी आवश्यक दस्तावेज और वैध कागजात मांगे गए, लेकिन चालक कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

सीज किए गए वाहनों में डंपर संख्या HR58E7319, HR58E7360 और UK17CA6525 शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि खनन संबंधी अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभागों को भेजी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संजीव यादव, हेड कांस्टेबल इस्लाम और हेड कांस्टेबल मोतीलाल शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








