शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। यातायात पुलिस सहारनपुर द्वारा जनपद के विभिन्न टोल प्लाजाओं पर विशेष अभियान चलाकर ड्रंक एंड ड्राइव, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और फॉल्टी नंबर प्लेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। दो दिनों तक चले इस अभियान में कुल 140 चालान करते हुए लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात मुख्यालय द्वारा जारी आदेश-निर्देशों के अनुपालन में 23 मई और 24 मई 2026 को रात 8 बजे से 11 बजे तक यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
इस दौरान यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जनपद के प्रमुख टोल प्लाजाओं — सैय्यद माजरा टोल, गणेशपुर टोल, कोलकी टोल और सरसावा टोल प्लाजा पर बैरियर लगाकर वाहनों की गहन चेकिंग की।
चेकिंग अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के 41 चालान करते हुए कुल 4 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 चालान किए गए और 3 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस मामले में 15 चालान कर 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं फॉल्टी नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 54 चालान करते हुए 2 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। चेकिंग के दौरान परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से पुलिसकर्मियों ने हालचाल पूछे और किसी प्रकार की समस्या होने पर उसका समाधान भी कराया। इस पहल को “मीट एंड ग्रीट” नाम दिया गया।
अभियान के दौरान पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी ताकि महिला यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लाउड हेलर के माध्यम से लगातार घोषणाएं भी की गईं।

यातायात पुलिस सहारनपुर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।








