शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 300 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देश पर मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में “ऑपरेशन सवेरा — नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में थाना मंडी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतपाल भाटी के नेतृत्व में थाना मंडी पुलिस टीम द्वारा 24 मई 2026 को चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने बाबा लालदास के बाड़े के गेट के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामजीलाल पुत्र चमनलाल निवासी हकीमपुरा निकट रविदास मंदिर थाना कुतुबशेर देहात तथा मोहम्मद रजा पुत्र नवाज निवासी हकीमपुरा सकलापुरी रोड मदरसे के सामने थाना कुतुबशेर देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी रामजीलाल के कब्जे से 140 ग्राम अवैध चरस तथा मोहम्मद रजा के पास से 160 ग्राम अवैध चरस बरामद की। कुल 300 ग्राम अवैध चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना मंडी में मुकदमा अपराध संख्या 158/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके संपर्क किन-किन तस्करों से जुड़े हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हुसैन बस्ती क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को चरस बेचने का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे स्वयं भी नशे के आदी हैं और कभी-कभी स्मैक का सेवन करते हैं।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन भी वे हुसैन बस्ती में चरस बेचने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस टीम को आता देख वापस लौटने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक आकाश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल महबूब अली तथा कांस्टेबल रवि कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।








