शहरी चौपाल ब्यूरो ई
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उद्योग बंधुओं की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक संबंधित उद्योग बंधु पूरी तरह संतुष्ट न हो जाए और प्रकरण का पूर्ण समाधान न हो जाए, तब तक उसे एजेंडे में शामिल रखा जाए।
बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस, बैंक और जिला पंचायत से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर निगम से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए चीफ इंजीनियर समेत संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
नवादा रोड मुख्य मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। इस पर नगर निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले माह तक समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
कामधेनु उद्योग नगर में स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग पर कार्य में देरी के कारण लोक निर्माण विभाग के एई और एक्सईएन से जवाब तलब किया गया। वहीं कुम्हारहेड़ा क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण न होने पर जिला पंचायत के एएमए से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि व्यापारियों से जुड़े सब्सिडी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को उद्योग बंधु की बैठक के एजेंडे में शामिल कर प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
बैठक में श्रम विभाग को श्रमिकों का पंजीकरण कैंप लगाकर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रमिकों के क्लेम का समयबद्ध निस्तारण करने तथा लेबर अड्डा बनाने के लिए भूमि चिन्हित करने के आदेश भी दिए गए।
इस अवसर पर Bharat Petroleum द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए उद्योग एवं व्यापार बंधुओं को प्रजेंटेशन दिया गया। कंपनी ने बताया कि पीएनजी स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन है, जिससे सिलेंडर की आवश्यकता समाप्त होती है तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, प्रमोद सडाना, रविंद्र मिगलानी, मनजीत अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








