सहारनपुर व्यापार बंधु बैठक में डीएम सख्त, लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस

सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में व्यापार बंधु बैठक आयोजित हुई। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही पर कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। सड़क, ट्रैफिक और बिजली समस्याओं पर भी निर्देश दिए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में राज्य कर विभाग के सहयोग से व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विभिन्न प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एजेंडे में शामिल किसी भी बिंदु को तब तक न हटाया जाए, जब तक शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट न हो जाए।

भूमि संबंधी मामलों पर उपायुक्त उद्योग को संबंधित उपजिलाधिकारी से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए गए। वहीं जोगियान पुल के पास दुर्घटनाओं का मुद्दा उठने पर नगर निगम को अगली बैठक से पहले आवश्यक कार्य पूरा कराने को कहा गया।

राकेश टॉकीज पुल से सपना टॉकीज जाने वाली सड़क पर पुलिया निर्माण अधूरा छोड़ने पर नगर निगम के चीफ इंजीनियर से स्पष्टीकरण मांगा गया। जिलाधिकारी ने पूछा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कार्य में देरी क्यों हुई।

सड़क संबंधी अन्य शिकायतों पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जांच करने तथा यातायात पुलिस एवं एआरटीओ से रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए गए। हकीकत नगर की ट्रैफिक समस्या को लेकर नगर निगम के मुख्य अभियंता ने निर्माणाधीन सड़क का कार्य 15 जून तक पूरा करने का आश्वासन दिया।

बैठक में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना समय पर न मिलने का मामला भी उठा। इस पर विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रेस विज्ञप्ति और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को समय से जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि संबंधित प्रकरणों की आख्या बैठक से दो दिन पहले उपायुक्त राज्य कर कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि बैठकों में सभी विभागों के सक्षम अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और विभागीय समन्वय से समस्याओं का समाधान करें।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ व्यापारी प्रतिनिधि दीपांशु गर्ग, मोल्हड़ मल गर्ग, अंतरिक्ष अरोड़ा, सन्नी मल्होत्रा और मुकुंद मनोहर गोयल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य