ईदुल अजहा से पहले सहारनपुर में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तेज

ईदुल अजहा से पहले सहारनपुर में सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीसी मरम्मत कार्य तेज, पार्षद मंसूर बदर ने क्षेत्रीय तैयारियों का निरीक्षण किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। ईदुल अजहा के मद्देनज़र नगर निगम ने शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़क मरम्मत कार्यों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत इस्लामिया इंटर कॉलेज से कारगिल गेट तक अंधेरे की समस्या को देखते हुए छह नई बड़ी स्ट्रीट लाइट लगवाई गई हैं, जिससे रात के समय आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

इसके अलावा पुल कंबोह, भैय्या बाग, सराय गरीबा, सराय शाहजी और सराय हिसामुद्दीन क्षेत्रों में नाला-नालियों की व्यापक सफाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि इस्लामिया इंटर कॉलेज के दोनों ओर स्थित नालों, पुल कंबोह के कवर नाले, भैय्या बाग की नालियों तथा खटिकान क्षेत्र स्थित बूढ़ी माई के आसपास के नालों की विशेष सफाई कराई गई है, ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या न हो।

नगर निगम द्वारा केवल सफाई कार्य ही नहीं बल्कि खराब सड़कों और गलियों की मरम्मत पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में गणपत सराय की छड़ी वाली गलियों तथा सराय हिसामुद्दीन में शादी हसन के बेहड़े में सीसी मरम्मत कार्य कराया गया है। स्थानीय लोगों ने इन कार्यों पर संतोष जताते हुए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

मंसूर बदर ने कहा कि उनका और पार्षद दल का उद्देश्य ईदुल अजहा के अवसर पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्र में काम कर रही है।

उन्होंने इन विकास एवं सफाई कार्यों के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र में तेजी से काम कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।

ईदुल अजहा को लेकर नगर निगम की तैयारियों से क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होने से त्योहार शांतिपूर्ण और बेहतर माहौल में मनाया जा सकेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य