ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल सहारनपुर में छात्र अभिनंदन समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों और सहयोगी अभिभावकों को सम्मानित किया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को सत्र 2025-26 के लिए छात्र अभिनंदन समारोह बड़े उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। समारोह में पहुंचे अभिभावकों और अतिथियों का तिलक लगाकर तथा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, गीत-संगीत और मंचीय प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय गर्ग और सचिव वाई.के. गुप्ता ने विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग देने वाले अभिभावकों का भी सम्मान किया गया।

समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सराहा गया। कक्षा 10 में आईटी विषय में इशिका गुप्ता तथा कक्षा 12 कॉमर्स में लेखाशास्त्र विषय में गौरव कत्याल को 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान दिया गया। वहीं कक्षा 6 की छात्रा युविका पुंडीर को पूरे सत्र में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने पर ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि असली प्रतिस्पर्धा दूसरों से नहीं बल्कि स्वयं से होती है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अपनी कमियों और बुराइयों पर विजय प्राप्त कर लें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। उन्होंने बच्चों को माता-पिता के जीवन का सबसे सुंदर फूल बताते हुए कहा कि ज्ञानकलश परिवार विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिकाओं शिवानी, हिमानी, राशि और मानसी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमित कुमार सेठी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य