सहारनपुर मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश घायल, तमंचा बरामद

सहारनपुर में मिर्जापुर पुलिस की मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश घायल होकर गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस और गोकशी उपकरण बरामद हुए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और गौकशी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर गौकश बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में हत्या, गौकशी, चोरी, लूट, डकैती, नकबजनी, छिनैती और अवैध नशे के कारोबार जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 मई 2026 को थाना मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ कासमपुर बिजली घर के पास विकासनगर-सहारनपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार नहीं रुके और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाश ग्राम पाडली जाने वाले राजवाहे की ओर मुड़ गए।

भागने के दौरान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश आम के बाग में घुस गए और पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान सलमान पुत्र वरीस निवासी ग्राम रायपुर थाना मिर्जापुर जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गौकशी, लूट, चोरी और तस्करी समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य