बकरीद पर सहारनपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, जानिए नया रूट प्लान

बकरीद पर सहारनपुर में 28 मई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, कई मार्गों पर रूट बदले गए। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार 28 मई 2026 को सुबह 5 बजे से आगामी आदेशों तक शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पर्व के दौरान भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक यातायात सहारनपुर की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील चौराहों और तिराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही यातायात कर्मियों को रिफ्लेक्टिव जैकेट और बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर नजर रखी जा सके।

जारी रूट प्लान के अनुसार नकुड़ तिराहे से सरसावा की ओर से आने वाले ऐसे वाहन जिन्हें घंटाघर या गागलहेड़ी की ओर जाना है, उन्हें मानकमऊ पुलिया होते हुए बाईपास और सर्किट हाउस हसनपुर मार्ग से निकाला जाएगा।

इसी प्रकार दर्पण तिराहे से अंबाला और सरसावा की ओर जाने वाले सभी वाहनों को, नमाजियों के वाहनों को छोड़कर, शारदा नगर पुल और खलासी लाइन होते हुए आईटीसी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

मंडी समिति की ओर से आने वाले वाहनों को कल्पना तिराहे से दर्पण तिराहे की ओर भेजा जाएगा। वहां से ये वाहन शारदा नगर पुल, खलासी लाइन और आईटीसी रोड के रास्ते संचालित होंगे।

देहरादून की ओर से आने वाले और अंबाला जाने वाले वाहनों को अंबेडकर चौक से दीवानी तिराहे होते हुए हसनपुर मार्ग से भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन अवधि के दौरान घंटाघर चौक, दिल्ली बस अड्डा, सदर बाजार और अंबाला रोड क्षेत्र में किसी भी रोडवेज बस या भारी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। केवल आवश्यक सेवाओं और नमाजियों के वाहनों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार छूट दी जाएगी।

यातायात पुलिस के अनुसार लेबर कॉलोनी चौकी, एलाईट पेट्रोल पंप, नकुड़ तिराहा और मानकमऊ पुलिया समेत अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

सहारनपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य