शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की गिरती स्थिति और पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी 6 जून को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक को संबोधित करते हुए संदीप सिंह राणा ने कहा कि आज देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं के सामने रोजगार का संकट है, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं बढ़ रही हैं और महिलाओं, दलितों, पिछड़ों तथा कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक मुद्दों को हवा देकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में जनसरोकारों के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे स्थानीय स्तर पर जनता की आवाज को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता के अधिकारों और समस्याओं के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जून 2026 को कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित होंगे और वहां से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे। प्रदर्शन के माध्यम से महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने बिट्टू चौधरी (रामपुर मनिहारान), अबरार राव (मुजफ्फराबाद), पवन राणा (पुवारका), चौधरी नवाब अली (नकुड़), गालिब चौधरी (सरसावा) और कय्यूम प्रधान (बलियाखेड़ी) सहित अन्य पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी देकर 6 जून के कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान हिंदू रक्षा दल की पूर्व जिलाध्यक्ष अमनदीप कौर और उनकी सहयोगी तान्या चौहान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने दोनों का कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया और पार्टी में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं।
बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा की तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा








