छुटमलपुर में व्यापारी संवाद कार्यक्रम: जीएसटी अधिकारियों ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं

छुटमलपुर में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। छोटे व्यापारियों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन और समय पर कर भुगतान के लिए जागरूक किया गया।

विमल शर्मा 

छुटमलपुर। राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारियों को जीएसटी नियमों एवं कर प्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रुड़की रोड स्थित मिलन गार्डन में “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा समाधान के लिए व्यवहारिक सुझाव दिए।

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के जॉइंट कमिश्नर अमित पाठक, डिप्टी कमिश्नर राजीव सिंह एवं असिस्टेंट कमिश्नर बृजभान गुप्ता ने व्यापारियों को जीएसटी व्यवस्था की उपयोगिता, कर अनुपालन और समय पर कर भुगतान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शी कर व्यवस्था व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की विकास योजनाओं को भी गति प्रदान करती है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी रिटर्न, कर भुगतान, रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाधान सुझाए और व्यापारियों को नियमों की सही जानकारी प्रदान की।

अधिकारियों ने विशेष रूप से छोटे व्यापारियों से अपील की कि वे जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराकर अपने कारोबार को वैधानिक रूप से संचालित करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान और नियमों का पालन व्यापारियों को भविष्य की जटिलताओं से बचाने में मदद करता है।

कार्यक्रम में अधिवक्ता मोहित कुमार शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच नियमित संवाद से गलतफहमियां दूर होती हैं तथा कर व्यवस्था को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने जागरूकता को व्यापारिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।

राज्य कर विभाग के वरिष्ठ सहायक विवेक कुमार ने भी व्यापारियों को विभागीय प्रक्रियाओं, ऑनलाइन सुविधाओं और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उनके द्वारा दी गई जानकारी को व्यापारियों ने उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में सुशील धीमान, श्रवण कश्यप, सचिन पाहवा, राहुल पाहवा, संजय अग्रवाल, राजेश राणा, राजन शर्मा, सचिन खुराना, संजय पाहुजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं प्रतिष्ठान संचालक मौजूद रहे।

व्यापारियों ने राज्य कर विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच विश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।

कार्यक्रम का समापन व्यापारियों को जीएसटी नियमों का पालन करने, समय पर कर जमा करने तथा पारदर्शी व्यापारिक व्यवस्था अपनाने के संदेश के साथ हुआ। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग सदैव तत्पर रहेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य