शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना नकुड़ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंबेहटा पीर क्षेत्र में हुए चर्चित पूनम हत्याकांड के वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को थाना नकुड़ पुलिस और स्वाट टीम अंबेहटा पीर-गंगोह बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल के साथ खड़ा देखा। पुलिस टीम को देखकर वह मोटरसाइकिल से भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
बताया गया कि करीब 100 मीटर आगे जाने पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान पुत्र सुलेमान निवासी मोहल्ला गाडान, कस्बा अंबेहटा पीर, थाना नकुड़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटा गया एक कुण्डल (पीली धातु) तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना नकुड़ में दर्ज हत्या से संबंधित मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सलमान का नाम अंबेहटा पीर में हुए चर्चित पूनम हत्याकांड में सामने आया है। पुलिस द्वारा मामले के खुलासे की तैयारी की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह, घटना की पूरी साजिश और आरोपी की भूमिका को लेकर जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्र में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। पूनम हत्याकांड के खुलासे को लेकर अब सभी की निगाहें पुलिस की आगामी प्रेस वार्ता पर टिकी हुई हैं।








