पूनम हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में दबोचा गया

सहारनपुर पुलिस ने अंबेहटा पीर के चर्चित पूनम हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र के अंबेहटा पीर में हुए चर्चित पूनम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह , देहात पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक तथा क्षेत्राधिकारी नकुड़ रुचि गुप्ता ने मामले का खुलासा करते हुए घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी।

एसएसपी ने बताया कि 1 जून 2026 को अंबेहटा पीर निवासी संजय मित्तल ने थाना नकुड़ में तहरीर देकर सूचना दी थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उनकी पत्नी पूनम मित्तल (60 वर्ष) की गला रेतकर हत्या कर दी तथा कानों के कुण्डल लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना नकुड़ पर हत्या और लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना नकुड़ पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले का सफल अनावरण किया।

पुलिस ने प्रथम आरोपी अंकुर गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी मोहल्ला झाबरी, अंबेहटा पीर को मुखबिर की सूचना पर खेड़ा अफगान मार्ग से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित एक लूटा हुआ कुण्डल बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गईं।

दूसरे आरोपी सलमान पुत्र सुलेमान निवासी मोहल्ला गाडान, अंबेहटा पीर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटा गया कुण्डल तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई।

प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पूनम हत्याकांड का सफल खुलासा कर लिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

एसएसपी ने खुलासा करने वाली थाना नकुड़, स्वाट और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस चर्चित हत्याकांड के खुलासे के बाद अंबेहटा पीर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य