सहारनपुर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम, राष्ट्र एकता का दिया संदेश

सहारनपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सहारनपुर में भारत-भारती उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने भाग लेते हुए सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत और अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में सरदार पटेल के विचार और आदर्श पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं का कहना था कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और यही विविधता देश को विश्व में विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा।

भारत-भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय भाई पत्रालय ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित यह अपने प्रकार का एक महत्वपूर्ण और सफल आयोजन रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रांतीय संयोजक डॉ. गोकरण दत्त शर्मा एडवोकेट एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है और उनके आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

इस अवसर पर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेन्द्र निम, पूर्व मंत्री सुरेश गंगवार, मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, वीसी विमला वाई, डीन मिली पंत, संगठन मंत्री विवेकानंद, सिताब सिंह छोकर, फूल सिंह, उमेश शर्मा एडवोकेट, रणबीर राहगीर, प्रशांत पुंडीर, कंवरपाल सिंह, विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने सहभागिता कर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य