प्रशांत त्यागी
देवबंद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं रात्रि प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा के पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने देवबंद विधानसभा क्षेत्र के रणखंडी गांव में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्ष का कार्यकाल देश की 140 करोड़ जनता को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं को शासक नहीं बल्कि देश का सेवक मानते हुए कार्य किया है और इसी सोच के साथ देश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व में देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और मजदूर सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी गांव में पहुंचने पर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। चौपाल कार्यक्रम में विकास कार्यों, कृषि, सड़क, बिजली, पानी तथा अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
रात्रि प्रवास कार्यक्रम के उपरांत राघव लखनपाल शर्मा गांव में भ्रमण पर भी निकले और विभिन्न परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव भी प्राप्त किए। रविवार सुबह रात्रि प्रवास कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह सहारनपुर के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व प्रमुख अनिल पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष संदीप शर्मा, एडवोकेट सुरेंद्र पाल सिंह, गजराज राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शशि त्यागी, नितिन राणा, दीपक त्यागी, अमरीश राणा, ग्राम प्रधान प्रमोद राणा, सुधीर राणा, दिनेश प्रधान, राहुल राणा, मौंकित राणा, विजेंद्र गुप्ता, विकास पुंडीर, बिट्टू चौधरी, अमित चौधरी, ललित, आदित्य राणा भायला, आशु राणा भायला, सत्या, प्रदीप फौजी, अमित राणा, विनोद, चरण सिंह, बिरमा सिंह, नरसिंह, ओम सिंह, मनबीर, मेहर सिंह कोरी, यशपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे स्थानीय समस्याओं के समाधान का मार्ग भी प्रशस्त होता है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।








