शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) द्वारा नेताजी सुभाष पार्क (कंपनी बाग) में आयोजित विशाल निःशुल्क योग शिविर में स्वास्थ्य और योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। पद्मश्री सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय योगगुरु स्वामी भारत भूषण के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 500 से अधिक नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलजीत सिंह चावला ने किया।
योगगुरु स्वामी भारत भूषण ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनेक बीमारियों से दूर रखने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रतिदिन सुबह सूर्य की पहली किरणों का स्वागत करते हैं, वे प्रकृति के अमूल्य स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं।
संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार, परिवार और सामाजिक जीवन की जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन तभी संभव है जब व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा योग शिविर का आयोजन किया गया है।
शिविर के दौरान मैक्स हॉस्पिटल, साकेत, नई दिल्ली से आई चिकित्सकों की टीम ने शुगर और ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की। इस स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ 400 से अधिक लोगों ने उठाया। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा मोबाइल शौचालय की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के समापन पर योगगुरु स्वामी भारत भूषण को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिह्न के रूप में पौधा भेंट किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी पौधे भेंट किए गए। योग शिविर के बाद सभी प्रतिभागियों को अंकुरित पौष्टिक आहार, गुड़-चना, छाछ और ताजे फलों का वितरण किया गया।
संस्था के चेयरमैन एच.एस. चड्ढा, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्डा, संयुक्त कोषाध्यक्ष सक्षम बत्रा, सचिव अमित कुमार टक्कर सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन की सफलता पर पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।








