शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। संत शिरोमणि कबीर साहब के 629वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में दिल्ली रोड स्थित शिव बैंकट हॉल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं सांसद चौधरी इकरा हसन ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन कोरी समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठ लोगों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में सांसद चौधरी इकरा हसन ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं का मनोबल बढ़ता है और वे समाज व देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं।
सांसद इकरा हसन ने कोरी समाज की विभिन्न समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कोरी समाज के जाति प्रमाण पत्र से संबंधित जो समस्याएं सामने आती रही हैं, उन्हें वह पहले भी संसद में उठा चुकी हैं और भविष्य में भी इस मुद्दे को मजबूती से सदन में रखने का कार्य करेंगी। उन्होंने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान सांसद ने संत शिरोमणि कबीर साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी लोकसभा क्षेत्र में सभी आवश्यक मानकों को पूरा करते हुए संत कबीर साहब के नाम पर स्मारक अथवा चौराहे के निर्माण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं तथा नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कोरी समाज के अध्यक्ष रुद्रपाल कोरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव कटार सिंह कोरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश बुइयार, प्रदेश संगठन मंत्री रफल सिंह कोरी, एडवोकेट चंद्रपाल कोरी, रणधीर सिंह कोरी, अनिल कोरी, सोनू कोरी, रोहित कोरी, मदन कोरी, एडवोकेट भूषण सिंह कोरी, पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा, समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मांगेराम कश्यप, साजिद चौधरी तथा विश्वेंद्र सिंह गोलू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान समाज के वक्ताओं ने संत कबीर साहब के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज का समग्र विकास संभव है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना समाज के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना तथा समाज में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में कोरी समाज के लोगों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।








