प्रमोद शर्मा
सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और गौकशी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों की धरपकड़ और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ ग्राम सबरीपुर जाने वाले नदी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने पर बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईनाम पुत्र बाबू निवासी ग्राम खुजनावर, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया। उसका साथी अनीस पुत्र नसीम उर्फ बेला निवासी ग्राम खुजनावर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक रस्सी, तीन छुरे, एक कुल्हाड़ी, एक लकड़ी का गुटका तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, गुंडा एक्ट तथा अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।








