श्रवण शर्मा
सहारनपुर। जिला ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष सनी चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट कर ईंट भट्ठा उद्योग के सामने खड़ी चुनौतियों और आर्थिक संकट के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन भी मिला।
जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी निजी यात्रा के सिलसिले में मसूरी गए हुए थे। मसूरी से दिल्ली लौटते समय उनकी सहारनपुर के निकट स्थित उड़ान रेस्टोरेंट पर जिला ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष सनी चौधरी से मुलाकात हुई। इस अवसर पर सनी चौधरी ने प्रदेश में संचालित ईंट भट्ठा उद्योगों के समक्ष उत्पन्न हो रही कठिनाइयों को विस्तार से उनके समक्ष रखा।
सनी चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ समय से कोयले की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण ईंट उद्योग की उत्पादन लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा जीएसटी से संबंधित जटिल प्रक्रियाओं तथा अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई के चलते उद्योग संचालकों को अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योग पहले से ही आर्थिक दबाव में है और यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो इसका असर हजारों श्रमिकों, परिवहन व्यवसायियों तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की आजीविका पर भी पड़ सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उद्योग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि ईंट भट्ठा उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और लाखों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रदेश नेतृत्व और संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा राहत दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। ईंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विचार कर संबंधित स्तर पर चर्चा की जाएगी, ताकि उद्योग को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके और कारोबार सुचारू रूप से संचालित होता रहे।
मुलाकात के दौरान उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों के साथ-साथ भविष्य में उद्योग के विकास और आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार और संगठन स्तर पर सकारात्मक पहल होने से ईंट उद्योग को राहत मिलेगी तथा इससे जुड़े कारोबारियों और श्रमिकों को लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर उड़ान रेस्टोरेंट के प्रबंधक सनी झरौली, जितेंद्र खटाना, जेहरा तथा गोल्डी चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने उद्योग हित में सार्थक पहल की आवश्यकता पर बल दिया और आशा व्यक्त की कि जल्द ही समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।








