नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स सहारनपुर इकाई का गठन, पत्रकार हितों की रक्षा के लिए नई कार्यकारिणी घोषित

सहारनपुर में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उत्तर प्रदेश) की जिला इकाई का गठन किया गया। मनोज मिड्ढा की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी घोषित हुई। गय्यूर मलिक को बेहट और मनदीप शर्मा को देवबंद तहसील प्रभारी बनाया गया। पत्रकार हितों, सुरक्षा और संगठन विस्तार पर चर्चा हुई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उत्तर प्रदेश) की सहारनपुर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कोर्ट रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में जिले भर के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पत्रकार हितों, संगठन विस्तार और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर कई नए पत्रकारों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण करते हुए सदस्यता प्रपत्र भरे, जिनका जिला अध्यक्ष मनोज मिड्ढा ने स्वागत करते हुए संगठन की ओर से शुभकामनाएं दीं।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला कार्यकारिणी का गठन, संगठन के विस्तार को गति देना तथा तहसील स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना था। बैठक में सर्वसम्मति से जिला इकाई के विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। जिला अध्यक्ष मनोज मिड्ढा ने राजकुमार शर्मा, सरदार जी.एस. बब्बर एवं महेश पाहवा को संगठन का संरक्षक नियुक्त किया।

नई कार्यकारिणी में मोहम्मद फारूख को जिला महासचिव, प्रशांत त्यागी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा श्रवण शर्मा, राहुल नौसरान, प्रमोद शर्मा एवं श्रीकांत शर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया। सचिव पद पर अमित उपाध्याय, अमित कुमार, आसिफ अंसारी, अखिलेश शर्मा एवं मोहम्मद अली मिर्जा को जिम्मेदारी सौंपी गई। आसिफ अंसारी एवं अखिलेश शर्मा को संगठन का कानूनी सलाहकार भी नियुक्त किया गया। अनुज स्वामी को संगठन मंत्री बनाया गया, जबकि अब्दुल्लाह अंसारी, एवं विमल शर्मा को उपसचिव बनाया गया  जब कि मोहम्मद अकबर, मिंटू कुमार, डॉ. प्रवीण समीर, रजा अली जाफरी तथा दिनेश मौर्य को विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किया गया।

 

संगठन को तहसील स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ पत्रकार गय्यूर मलिक को बेहट तहसील का प्रभारी तथा मनदीप शर्मा को देवबंद तहसील का प्रभारी नियुक्त किया गया। दोनों पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शीघ्र ही तहसील स्तरीय कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को मजबूत करेंगे तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ेंगे।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज मिड्ढा ने की जबकि संचालन अमित कुमार उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के उद्देश्य और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा के साथ हुई।

सबसे पहले महासचिव मोहम्मद फारूख ने संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन प्रशासन और शासन स्तर पर लगातार प्रयास करेगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया जगत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है और इन चुनौतियों से निपटने के लिए संगठनात्मक एकता आवश्यक है।

सचिव अमित उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, प्रशिक्षण, तकनीकी उन्नयन और सम्मान के लिए संगठन विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के बीच संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करेगा।

कानूनी सलाहकार अखिलेश शर्मा ने पत्रकारों को कानूनी अधिकारों की जानकारी रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संगठन जरूरत पड़ने पर पत्रकारों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों दोनों के प्रति सजग रहना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार गय्यूर मलिक ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने का माध्यम नहीं बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने युवा पत्रकारों से तथ्यात्मक, निष्पक्ष और जनहित आधारित पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

अंत में जिला अध्यक्ष मनोज मिड्ढा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स सहारनपुर में पत्रकारों की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान में वृद्धि तथा पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखना है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को जिले की प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर तक मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को जिले में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प लिया। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी के गठन से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्य किया जा सकेगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य