शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल को मंगलवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं नागल निवासी दलित नेता प्रवीण धवल ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। हकीकत नगर स्थित राष्ट्रीय लोकदल के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने प्रवीण धवल एवं उनके साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि प्रवीण धवल दलित समाज के एक सक्रिय और प्रभावशाली नेता हैं, जिनकी समाज में अच्छी पकड़ है। उनके राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा सामाजिक न्याय, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति करता रहा है। पार्टी में दलित, पिछड़े, किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक तथा समाज के हर वर्ग को समान सम्मान और अवसर प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में खिलाड़ियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को शामिल कर योग के महत्व से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और यह शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। युवाओं को नशे और तनाव से दूर रखने में भी योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव योगेश प्रताप सिंह गुर्जर तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी ने कहा कि हाल ही में आयोजित खिलाड़ियों के सम्मान समारोह को व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि अगले माह सहारनपुर में खेल प्रकोष्ठ का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन में संगठन विस्तार, खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन तथा युवाओं को जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
नवनियुक्त सदस्य प्रवीण धवल ने राष्ट्रीय लोकदल नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, युवाओं, दलितों और वंचित वर्गों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रिंकू सोनकर, प्रदीप कुमार, मोनू कुमार, पहल सिंह, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प भी लिया।








