Saharanpur News बलियाखेड़ी में जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन, बने आयुष्मान कार्ड और मिली योजनाओं की जानकारी

सहारनपुर के बलियाखेड़ी विकास खंड में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। आयुष्मान कार्ड बनाए गए, स्वास्थ्य परीक्षण हुआ तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड बलियाखेड़ी कार्यालय परिसर में मंगलवार को भव्य जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई तथा ब्लॉक प्रमुख सोनिया देवी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा विकास खंड कार्यालय के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए और उन्हें योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड निर्माण सुविधा का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए घरेलू एवं स्थानीय उत्पादों को अतिथियों ने सराहा और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों की प्रशंसा की। अतिथियों ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जन कल्याण शिविर में बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग, बाल विकास परियोजना विभाग, श्रम विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, आईटीसी तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) योगेंद्र सिंह पुंडीर ने किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का भी सफल प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य