धर्म विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पार्षद दल का प्रदर्शन, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग

सहारनपुर में माढ़ी स्थल मेला गु घाल परिसर को लेकर सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पार्षद दल ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। मंसूर बदर ने शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । गंगोह रोड स्थित माढ़ी स्थल मेला गु घाल परिसर को लेकर सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण के विरोध में नगर निगम के कई पार्षदों ने एकजुट होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपा और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर तथा पार्षद समीर अंसारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक युवक द्वारा धर्म विशेष के प्रति अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। पार्षदों का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और तनाव का माहौल भी पैदा कर सकती हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि सहारनपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को भड़काने या समाज में नफरत फैलाने का प्रयास गंभीर विषय है, जिस पर प्रशासन को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि माढ़ी स्थल के सौंदर्यीकरण पर नगर निगम द्वारा लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। यह स्थल विभिन्न समुदायों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है तथा यहां वर्षों से आपसी सद्भाव और भाईचारे की परंपरा कायम है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता और व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सहारनपुर की सांप्रदायिक एकता और सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मंसूर बदर ने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और किसी भी धर्म के खिलाफ अपमानजनक भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

पार्षद समीर अंसारी ने कहा कि पूरे मामले को अनावश्यक रूप से सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषी व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके।

इस दौरान पार्षद इज़हार मंसूरी, सईद सिद्दीकी, रईस पप्पू, जफर अंसारी और महमूद हसन ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी नागरिकों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए और किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

पार्षदों ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह तथा नगर आयुक्त शिपू गिरि से भी मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर पार्षद आसिफ अंसारी, गुलजेब खान, डॉ. मंसूर, मेनपाल तथा कमाल मलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

पार्षद दल ने प्रशासन से मांग की कि शहर की सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की रही है तथा इसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर समाज में सकारात्मक संदेश देने की अपेक्षा भी व्यक्त की गई।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य