शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर की मूलभूत संरचना, शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और नगर निगम की कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से बुधवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर निगम के विभिन्न विभागों का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान रेनबो स्कूल, एथेनिया स्कूल, डीपीएस और आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने नगर निगम के उद्यान, गौशाला, गैराज, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों का अवलोकन कर शहर के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
यूथ पावर एम्पावरमेंट सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत रायवाला स्थित पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान से हुई। यहां सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव और उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्र ने विद्यार्थियों को जापानी तकनीक पर आधारित मियावाकी वन की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मियावाकी पद्धति से विकसित वन सामान्य जंगलों की तुलना में दस गुना तेजी से बढ़ते हैं तथा तीस गुना अधिक घने होते हैं, जो शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों को निगम द्वारा विकसित पंचवटी क्षेत्र का भी भ्रमण कराया गया, जहां पीपल, बरगद, बेल और आंवला जैसे धार्मिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इसके बाद भ्रमण दल नवादा रोड स्थित निगम की कान्हा गौशाला पहुंचा, जहां उन्हें गौमय उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया दिखाई गई। गौशाला प्रभारी डॉ. संदीप मिश्र ने बताया कि यहां गोबर से जैविक खाद, गोनाइल, गौकाष्ठ, पेंट, राखियां तथा अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। विद्यार्थियों ने यह जानकर आश्चर्य व्यक्त किया कि गोबर से पर्यावरण अनुकूल पेंट भी बनाया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि सर्वाधिक गौ-उत्पाद निर्माण के कारण यह गौशाला राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुकी है।
गैराज परिसर में तकनीकी प्रभारी वी.बी. सिंह एवं जेडएसओ राजीव चौधरी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा संग्रहण, कचरा निस्तारण और आधुनिक मशीनों के संचालन की जानकारी दी। वहीं आईसीसीसी में आईटी अधिकारी मोहित तलवार ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली, इमरजेंसी कॉल बॉक्स और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगभग एक हजार कैमरों की निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है।
भ्रमण के समापन पर यूथ पावर एम्पावरमेंट सोसायटी के संचालक सजल अरोड़ा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि से मुलाकात कर शहर के विकास और भविष्य की योजनाओं को लेकर संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने स्मार्ट सिटी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका महापौर और नगरायुक्त ने विस्तार से उत्तर दिया।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि युवाओं को शहर के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि नगर निगम विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करता रहेगा।
इस अवसर पर नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े अनेक अधिकारी, शिक्षकगण तथा यूथ पावर एम्पावरमेंट सोसायटी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए नगर निगम के कार्यों की सराहना की।








