शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत नकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नकुड़ पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में तीनों जनपदों में “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना नकुड़ पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने साईं धाम कॉलोनी, कस्बा नकुड़ क्षेत्र से उस्मान पुत्र राशिद निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 26.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में मु0अ0सं0 334/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने बताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राकेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल अनुज राणा, कांस्टेबल विनीत कुमार तथा रिज़र्व कांस्टेबल सागर शामिल रहे।








