शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर ने सफाई मित्रों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए आउटसोर्सिंग (सीएलसी) के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 17,446 रुपये करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही उन्हें प्रत्येक माह चार दिन का सवैतनिक साप्ताहिक अवकाश, ईपीएफ, ईएसआईसी तथा पांच लाख रुपये का अतिरिक्त दुर्घटना एवं मृत्यु बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
शाकुंभरी सभागार में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। महापौर ने बताया कि वर्तमान में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 15,175 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 17,446 रुपये किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिक संगठनों द्वारा वेतन वृद्धि की मांग की जा रही थी, लेकिन नगर निगम ने उनकी अपेक्षाओं से अधिक लाभ देने का निर्णय लिया है।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से उन्हें ईएसआईसी और ईपीएफ जैसी सुविधाओं के साथ पांच लाख रुपये का अतिरिक्त दुर्घटना और मृत्यु बीमा भी दिया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक माह सात तारीख से पहले उनका मानदेय भुगतान कर दिया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मानकों के अनुसार सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वार्डों में सड़कों, नालों की चौड़ाई, जनसंख्या घनत्व तथा व्यावसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक के दौरान नगर निगम के अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। वार्ड-40 स्थित गांधी पार्क गैराज क्षेत्र में पूर्व की भांति श्रीरामलीला आयोजन के लिए एक माह तथा रावण दहन के लिए पांच दिन तक व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं वार्ड-53 के रायवाला स्थित तिकोना पार्क का नामकरण पूर्व पार्षद रविसैन जैन की स्मृति में “श्री रविसैन जैन स्मृति उद्यान” किए जाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ।
इसके अलावा खाताखेड़ी क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए नगर निगम की भूमि विद्युत विभाग को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया, जिससे चिलकाना रोड और आसपास के क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। सिनेमाघरों के शो टैक्स तथा नगर निगम सीमा क्षेत्र में व्यवसायिक शुल्क की दरों में मामूली संशोधन के प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद दिग्विजय चौहान, मंसूर बदर, संजय सैनी, राजेंद्र कोहली, सलेकचंद, ज्योति अग्रवाल, फजलुर्रहमान, नूतन तोमर, शबाना प्रवीण और अनुज जैन सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़े मुद्दे उठाए। महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि ने सभी विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए समाधान का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन सदन प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने किया।
नगर निगम के इस निर्णय का सफाई कर्मियों और श्रमिक संगठनों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।








