शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद सहारनपुर पूरी तरह योगमय नजर आया। मुख्य कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां शंखध्वनि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जनपद प्रशासन, आयुष विभाग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि एवं गणेश जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत औषधीय पौधे भेंट कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा उपस्थित लोगों ने उनका प्रेरणादायी संबोधन सुना।
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में राज्य मंत्री लोक निर्माण विभाग ब्रजेश सिंह, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, विधान परिषद सदस्य शाहनवाज, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास में भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने की। उनके निर्देशन में उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग गुरु ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों के लिए अलग-अलग उपयोगी योग क्रियाओं की जानकारी भी दी।
योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, सेतुबंध आसन, भद्रासन, मकरासन, अर्धचक्रासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी जैसे प्राणायाम भी कराए गए। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि तन, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि “योग अनादि काल से हमारी पहचान रहा है और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। योग व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा “एक भारत, सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
योग कार्यक्रम के उपरांत स्टेडियम परिसर में अतिथियों द्वारा औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन के संदेश के साथ विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए।
वहीं पुलिस लाइन में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव कृषि, कृषि रक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग रविंद्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग द्वारा 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन भी किया गया। इस दौरान जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, नगर आयुक्त शिपू गिरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार केन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन, पत्रकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
जनपद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह भव्य आयोजन जनसहभागिता, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बना। पूरे जिले में लाखों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया, जिससे सहारनपुर वास्तव में योगमय नजर आया।








