धीमान महासभा का शक्ति प्रदर्शन, नई कार्यकारिणी घोषित, अधिकारों की आवाज बुलंद

सहारनपुर में धीमान कल्याण महासभा के सम्मान समारोह में नई कार्यकारिणी घोषित। समाज की राजनीतिक उपेक्षा पर रोष, शिक्षा व अधिकारों पर जोर।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। स्थानीय गांधी पार्क स्थित रोटरी हॉल में रविवार को धीमान कल्याण महासभा द्वारा भव्य सम्मान समारोह एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासभा की प्रदेश, जिला एवं महानगर इकाइयों की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों तथा शासन द्वारा मनोनीत जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, राजनीतिक भागीदारी और शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा एवं पद्मश्री स्वामी कल्याण देव महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महासभा के संस्थापक डॉ. के.पी. सिंह धीमान ने संगठन के उद्देश्य, समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और राजनीतिक जागरूकता बेहद आवश्यक है।

चुनाव अधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं सह चुनाव अधिकारी मोहन लाल धीमान ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए प्रकाश चंद को प्रदेश अध्यक्ष, जयपाल धीमान सांपला खत्री को प्रदेश उपाध्यक्ष, सुखबीर सिंह धीमान अंबेहटी को जिला अध्यक्ष तथा प्रजेश कुमार शर्मा को महानगर अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की। इसके अलावा डॉ. राजवीर धीमान को मुजफ्फरनगर और राजीव धीमान को शामली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

समारोह में नवमनोनीत सभासद मास्टर श्यामलाल धीमान, संजय धीमान, पार्षद कपिल धीमान, भाजपा नेता सुभाष धीमान, संदीप धीमान, बिजेंद्र धीमान तथा पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष सुधीर सोहल सहित कई समाजसेवियों का भी अभिनंदन किया गया।

मुख्य वक्ताओं ने कहा कि धीमान समाज जनसंख्या और सामाजिक योगदान के लिहाज से मजबूत स्थिति में होने के बावजूद राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व प्राप्त नहीं कर सका है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा समाज की लगातार उपेक्षा किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज के लोगों से राजनीतिक रूप से संगठित होने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को उच्च शिक्षा से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि समाज शिक्षित और संगठित होगा तो वह अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकेगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने समाज में संगठन और जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक एकता ही विकास का आधार है। उन्होंने सभी से समाज हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक बोधराम धीमान एडवोकेट, प्रजेश कुमार शर्मा, मुनेश धीमान, मांगेराम आर्य, डॉ. राजबीर, जयपाल धीमान, ठाकुर राजबीर सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। समारोह की अध्यक्षता कैलाश प्रधान मुरादखेड़ी ने तथा संचालन दुष्यंत कुमार ने किया।

इस अवसर पर डॉ. सोम प्रकाश, डॉ. विक्रम धीमान, डॉ. प्रमोद विश्वकर्मा, पंकज धीमान, कार्तिक धीमान, रविंद्र धीमान, महेंद्र धीमान, दिनेश धीमान, शिवम धीमान समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक एकता, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने के साथ संपन्न हुआ।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य