शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) की सत्र 2026-27 की कार्यकारिणी बैठक शनिवार देर शाम दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार अभियान और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने की, जबकि संचालन महासचिव अमित चौधरी द्वारा किया गया।
बैठक की शुरुआत अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कार्यकारिणी सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को संगठनात्मक अनुशासन, गोपनीयता और पारदर्शिता की शपथ दिलाते हुए कहा कि संस्था की मजबूती और प्रभावशीलता सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने संगठन को उद्यमियों, व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं की समस्याओं के समाधान का मजबूत मंच बताते हुए सभी से सकारात्मक सुझाव देने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि 27 जून को सभी सदस्यों की सहभागिता के साथ “ऑल मेंबर्स मीट – सौहार्द” का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जुलाई माह में निःशुल्क मेडिकल कैंप, अगस्त में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा 20 अगस्त को संस्था का छठा स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा।
इसके अलावा सितंबर-अक्टूबर माह में उद्योग जगत से जुड़े विषयों पर केंद्रित विशेष कार्यशाला “संवाद” आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में उद्योग बंधु बैठकों के एजेंडा में नए विषय शामिल कराने और उद्यमियों की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मिगलानी ने कहा कि किसी भी विभाग से संबंधित समस्या होने पर सदस्य लिखित रूप में संस्था को अवगत कराएं, ताकि उसे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सके।
संगठन को और अधिक व्यापक बनाने के उद्देश्य से 15 दिवसीय सदस्यता विस्तार अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत नए उद्यमियों, उद्योगपतियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सरदार तेजिंदर सिंह तनेजा को कामधेनु औद्योगिक नगर का क्षेत्रीय कन्वीनर नामित किया गया। इस अवसर पर संरक्षक अमर गुप्ता, चेयरमैन एच.एस. चड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश माहेश्वरी, सरदार बलजीत सिंह चावला, चीफ कोऑर्डिनेटर संजय गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन की भावी योजनाओं पर अपने विचार रखे।
बैठक में नीरज मिड्ढा, विजय वशिष्ठ, रवि टंडन, सुनील सूरी, रविंद्र कालड़ा, मनोज जैन, विक्रांत पुंडीर, निशा शर्मा, वैभव गर्ग, धीरज मिगलानी, शक्ति मिगलानी, अनिल गुप्ता, संजीव कुमार जैन, अमरनाथ, प्रवीण गुप्ता, सत्येंद्र अरोड़ा, राजेश अरोड़ा और अशोक अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक प्रभावी, जनहितकारी एवं उद्योग हितैषी बनाने के संकल्प के साथ हुआ। पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज क्षेत्र के उद्यमियों की आवाज को और मजबूती से उठाएगा तथा औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








