शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं मार्ग में आने वाली समस्याओं को लेकर रविवार को सरसावा यमुना पुल स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वारिस पंजाब दे के संस्थापक भाई अमृतपाल सिंह के पिता बापू तरसेम सिंह, सांसद सरबजीत सिंह खालसा तथा विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ने भाग लिया।
उत्तराखंड की ओर जाते समय गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीद में पहुंचे नेताओं ने बाबा उदय सिंह और बाबा गुरदेव सिंह के साथ हेमकुंड साहिब यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में उत्तराखंड के ताजा हालात, यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं को आने वाली कठिनाइयों पर गंभीर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि हेमकुंड साहिब की यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है। बैठक में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी सुझाव रखे गए।
इस अवसर पर बाबा उदय सिंह ने पंजाब से पहुंचे अतिथियों एवं संगत का सिरोपा भेंट कर सम्मान किया। उपस्थित संगत ने भी हेमकुंड साहिब यात्रा की सफलता एवं श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा के लिए अरदास की।
बैठक के दौरान सिख समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक यात्राओं को अधिक सुगम बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








