देवबंद में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

सहारनपुर के देवबंद में पुलिस ने शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की गई। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

देवबंद (सहारनपुर)। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग कर सोशल मीडिया और समाज में गलत संदेश देने वाले तीन युवकों को देवबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस तथा एक कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण तथा हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में थाना देवबंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रियांशु पुत्र रामगोपाल निवासी आर्यनगर, छुटमलपुर थाना फतेहपुर, सोनू पुत्र स्वर्गीय चंद्रपाल तथा कुनाल पुत्र शिवकुमार निवासी हुसैन निवादा थाना फतेहपुर शामिल हैं। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान इन तीनों को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .12 बोर तमंचा, पांच जिंदा कारतूस .12 बोर, एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। इसके अलावा एक ब्रेज़ा कार (यूके-08 एपी-2525) भी पुलिस ने कब्जे में ली है, जिसका इस्तेमाल घटना के दौरान किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की थी। इस मामले का वीडियो और अन्य सूचनाएं मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

थाना देवबंद में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 456/26 के अंतर्गत धारा 125 एवं 3(5) बीएनएस तथा धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि इससे आम लोगों की जान को भी खतरा उत्पन्न होता है। इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह समारोह या अन्य आयोजनों में हर्ष फायरिंग से बचें और कानून का पालन करें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य