सहारनपुर में खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, बेहट पुलिस ने तीन ट्रक किए जब्त

सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। बेहट पुलिस ने दो ओवरलोड ट्रकों और एक बिना प्रपत्र खनन सामग्री से भरे ट्रक को जब्त किया। जिलाधिकारी और एसएसपी के निर्देश पर अभियान जारी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

बेहट (सहारनपुर)। जनपद में अवैध खनन और उपखनिज के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बेहट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान खनन सामग्री से भरे तीन ट्रकों को पकड़ा है। इनमें एक ट्रक बिना वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री का परिवहन कर रहा था, जबकि दो अन्य ट्रक ओवरलोड उपखनिज ले जाते पाए गए। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर अवैध खनन और उसके परिवहन को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में थाना क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

प्रभारी निरीक्षक बेहट जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में 21/22 जून की रात क्षेत्राधिकारी बेहट सुश्री प्रिया यादव और पुलिस टीम द्वारा अवैध खनन रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान तीन ट्रकों को संदिग्ध अवस्था में रोककर जांच की गई। जांच में ट्रक संख्या HR-58-E-3537 खनन सामग्री से भरा मिला, लेकिन चालक वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं ट्रक संख्या UP11DT7938 तथा HR37E5768 निर्धारित क्षमता से अधिक उपखनिज लादकर परिवहन करते पाए गए।

पुलिस ने तीनों ट्रकों को जब्त कर थाना बेहट में दाखिल कर लिया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

क्षेत्राधिकारी बेहट सुश्री प्रिया यादव ने बताया कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन और उपखनिज के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी बेहट सुश्री प्रिया यादव, प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित तथा कांस्टेबल राहुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य