शहरी चौपाल ब्यूरो
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। साइबर अपराध के मामलों में पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर मनिहारान साइबर हेल्प डेस्क को बड़ी सफलता मिली है। साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते में ठगी गई 50 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जाण्डखेड़ा निवासी पलविंद्र सिंह पुत्र निर्मल सिंह के साथ 24 अगस्त 2025 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। फ्रॉड करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को परिचित बताकर फर्जी क्रेडिट मैसेज भेजा और धोखे से 50 हजार रुपये की रकम हड़प ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उम्मेद कुमार के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में प्रभावी कार्रवाई की। जांच के दौरान ठगी गई पूरी धनराशि को होल्ड कराया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 50 हजार रुपये की राशि शत-प्रतिशत पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
अपने खाते में पूरी धनराशि वापस मिलने पर पलविंद्र सिंह ने सहारनपुर पुलिस और थाना रामपुर मनिहारान साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और सक्रियता के कारण उन्हें अपनी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उम्मेद कुमार, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, महिला उपनिरीक्षक नेहा, कंप्यूटर ऑपरेटर कपिल देव, हेड कांस्टेबल दीपक, महिला कांस्टेबल आकांक्षा सिंह एवं कविता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर विश्वास न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।








