शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए पंचायत में मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लखनऊ में हुए अग्निकांड को बेहद दुखद बताते हुए इसे सरकारी लापरवाही का परिणाम करार दिया और कहा कि छात्रों की मौत के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

देवबंद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं और छात्रों का भविष्य सर्वोपरि होना चाहिए, लेकिन उत्तर प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जो सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को तत्काल एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
राम आसरे विश्वकर्मा ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं, किसानों, मजदूरों और पिछड़े वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने रोजगार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में देवबंद विधानसभा से सपा के पूर्व प्रत्याशी कार्तिकेय राणा ने भी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के कार्य बिना रिश्वत के नहीं हो रहे हैं और छात्र-युवा सबसे अधिक परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की लहर है और जनता इसका जवाब आगामी चुनावों में देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने की। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी परविंदर सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रमेश पंवार, सपा नेत्री रूही अंजुम, जसवीर वाल्मीकि, राव कारी साजिद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी महीनों में विभिन्न वर्गों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी और सामाजिक न्याय तथा युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।








