सहारनपुर को मिलेगी आधुनिक परिवहन की नई पहचान, 31.62 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक आईएसबीटी

सहारनपुर में 31.62 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी बस अड्डे का निर्माण होगा। जुलाई में शिलान्यास संभावित। यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, शहर की परिवहन व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। वर्षों से लंबित आधुनिक आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। करीब 31.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जुलाई के पहले सप्ताह में इसके शिलान्यास की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली रोड स्थित प्रस्तावित स्थल पर बनने वाला यह नया बस अड्डा न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि सहारनपुर की बदलती तस्वीर का भी प्रतीक बनेगा। शहर के लोगों को लंबे समय से आधुनिक बस अड्डे का इंतजार था, जो अब जल्द पूरा होता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार परियोजना के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएंडडीएस (Construction and Design Services) को सौंपी गई है। संस्था द्वारा सिविल कार्य का टेंडर गाजियाबाद की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनी बीएमजी को आवंटित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पिछले वर्ष करीब 8000 वर्गमीटर भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जिस पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। भूमि उपलब्ध होने के बावजूद बजट स्वीकृति और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाने के बाद निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

पांच मंजिला होगा नया बस टर्मिनल

प्रस्तावित आईएसबीटी को आधुनिक वास्तुशिल्प के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यह परिसर बेसमेंट सहित पांच मंजिला होगा, जिसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल का निर्माण किया जाएगा। लगभग 3900 वर्गमीटर के कवर्ड एरिया में विकसित होने वाले इस बस अड्डे में यात्रियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

परियोजना में विशाल प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकट काउंटर, स्वच्छ शौचालय, रेस्ट रूम, फूड कोर्ट, गार्ड रूम, सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था, चौड़े फुटपाथ, आकर्षक लैंडस्केपिंग और बाउंड्री वॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही बसों के सुचारु संचालन और यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली भी विकसित की जाएगी।

क्षेत्रीय परिवहन को मिलेगा नया आयाम

विशेषज्ञों का मानना है कि नया आईएसबीटी बनने से सहारनपुर, देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, दिल्ली, यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात और अधिक सुगम होगा। वर्तमान बस अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए यह परियोजना शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विधायक के प्रयासों से मिली रफ्तार

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि आधुनिक बस अड्डे का निर्माण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि भूमि खरीद के बाद परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री स्तर तक लगातार प्रयास किए गए। अब बजट स्वीकृत होने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नया आईएसबीटी सहारनपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और यात्रियों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे न केवल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि शहर के आर्थिक और व्यावसायिक विकास को भी गति मिलेगी।

शहरवासियों को उम्मीद है कि यह परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी होकर सहारनपुर को आधुनिक परिवहन सुविधाओं से लैस एक नई पहचान देगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य