शहरी चौपाल ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शाहपुर थाना पुलिस ने 5.92 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से गांजा लाकर विभिन्न ढाबों और हाईवे किनारे ट्रक चालकों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, बैग से मिला गांजा
पुलिस के अनुसार 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि मंसूरपुर तिराहे स्थित यात्री प्रतीक्षालय में एक व्यक्ति संदिग्ध बैग लेकर बैठा है। सूचना के आधार पर शाहपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 5.920 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
दिल्ली से लाता था गांजा, हाईवे पर करता था बिक्री
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद उर्फ इरशाद पुत्र अनवर, निवासी गौतम कॉलोनी, नरेला (दिल्ली) के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से गांजा लाकर मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर ट्रक चालकों को पुड़िया बनाकर बेचता था। इसी अवैध कारोबार से वह आर्थिक लाभ कमाता था। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा उसके आपराधिक इतिहास में एक और मामला जुड़ गया है। पुलिस अब उसके अन्य नेटवर्क और संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है।
नशा तस्करों पर जारी रहेगा अभियान
मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








