सहारनपुर: दानवीर भामाशाह जयंती पर व्यापारियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प, व्यापारी कल्याण दिवस मनाए जाने पर जताया आभार

सहारनपुर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने दानवीर भामाशाह जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। व्यापारियों ने राष्ट्रसेवा, समाजहित और ईमानदार व्यापार का संकल्प लिया। प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस घोषित किए जाने का स्वागत किया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर । दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई ने रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके त्याग, राष्ट्रभक्ति तथा समाजसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपने व्यक्तिगत वैभव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष को मजबूती देने के लिए अपनी संपूर्ण संपत्ति समर्पित कर त्याग और राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी प्रत्येक व्यापारी और नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक व्यापारी को ईमानदारी, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। व्यापारियों ने भी कार्यक्रम के दौरान एकता, सद्भाव, सेवा और समाजहित में निरंतर कार्य करने की सामूहिक शपथ ली।

शीतल टंडन ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब-जब देश पर संकट आया, व्यापारी समाज ने आर्थिक सहयोग, राहत कार्यों और जनसेवा के माध्यम से अग्रणी भूमिका निभाई। शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक संस्थानों, सामाजिक कार्यों और आपदा राहत में व्यापारी समाज का योगदान सदैव उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन इसी सेवा और समर्पण की परंपरा का प्रतीक है।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाने की पहल को व्यापारी समाज के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि इससे व्यापारियों के योगदान को नई पहचान मिलेगी और समाज सेवा के लिए नई प्रेरणा भी प्राप्त होगी।

इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, संजीव सचदेवा, आकाश खुराना, भोपाल सिंह सैनी, अशोक मलिक, राजीव अग्रवाल, संजय महेश्वरी, भीम गिरधर, रोहित सचदेवा, ऋषि टंडन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने दानवीर भामाशाह के आदर्शों को समाज और व्यापार जगत में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य