Shamli Police Encounter: मोबाइल लूट के आरोपी हिस्ट्रीशीटर महताब की पुलिस मुठभेड़ में मौत, शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शामली में मोबाइल लूट और जानलेवा हमले के आरोपी हिस्ट्रीशीटर महताब पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

शहरी चौपाल ब्यूरो

शामली । शामली जिले में मोबाइल लूट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश महताब की पुलिस मुठभेड़ के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से अपराध की घटनाओं में सक्रिय था।

पुलिस के मुताबिक थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के जलालपुर कट पर दो बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और नगदी लूटने के साथ जानलेवा हमला किए जाने की घटना के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना आदर्शमंडी और थाना कांधला पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान खन्द्रावली पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के तहत पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर महताब पुत्र मंजूरा उर्फ बैचेन, निवासी मोहल्ला आलकला, कस्बा कैराना, घायल हो गया।
घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक महताब के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हालिया मोबाइल लूट और जानलेवा हमले की घटना के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक शामली ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच नियमानुसार कराई जा रही है। मुठभेड़ से संबंधित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य