शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर टेक्सटाइल प्रीमियर लीग के तहत शनिवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया और सभी टीमों का उत्साहवर्धन किया

दिन का पहला मुकाबला टेक्सटाइल वॉरियर्स और टेक्सटाइल हरिकेन्स के बीच खेला गया। हरिकेन्स की टीम ने संतुलित बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे मैच में टेक्सटाइल चैलेंजर्स और टेक्सटाइल किंग्स आमने-सामने रहे, जिसमें किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
तीसरे और सबसे रोमांचक मुकाबले में टेक्सटाइल टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 117 रन बनाए और रॉयल्स के सामने 118 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए टेक्सटाइल रॉयल्स ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर मुकाबला जीत लिया।
मैचों के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे मैदान में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। आयोजकों ने बताया कि टेक्सटाइल प्रीमियर लीग का उद्देश्य व्यापारियों और युवा खिलाड़ियों के बीच आपसी भाईचारा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
मुख्य अतिथि शीतल टंडन ने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक व्यस्तताओं के बीच ऐसे आयोजन व्यापारियों को मानसिक तनाव से राहत देने के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए, जिससे युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।”खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का संदेश देने वाली सबसे प्रभावी गतिविधि है। टेक्सटाइल प्रीमियर लीग जैसे आयोजन व्यापारिक समाज को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। आज के व्यस्त जीवन में हर व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए खेलों से जुड़ना चाहिए।
व्यापारियों की पहचान केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। मैं सभी खिलाड़ियों से अपेक्षा करता हूं कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और हार-जीत से ऊपर उठकर खेल का आनंद लें।
आयोजन समिति बधाई की पात्र है, जिसने टेक्सटाइल परिवार को एक मंच पर जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया है। भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि समाज में स्वास्थ्य, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहे।”
आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह का रोमांच देखने को मिलेगा।








