सहारनपुर भाजपा की बैठक: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा को सफल बनाने की रणनीति, कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियां

सहारनपुर में भाजपा महानगर संगठन की बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। संगठन प्रभारी वाई.पी. सिंह ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी महानगर संगठन की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने की। उन्होंने संस्मरण पखवाड़ा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके त्याग और देश की एकता-अखंडता के लिए किए गए योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित महानगर संगठन प्रभारी वाई.पी. सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित को समर्पित रहा। उन्होंने भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि संस्मरण पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए, ताकि कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ सफल बन सकें।

बैठक में महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, निवर्तमान महापौर संजीव वालिया, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कृष्ण लाल अरोड़ा, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, अनेश शर्मा, सुनील गुप्ता सहित महानगर संगठन के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं अभियान से जुड़े अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत योजना प्रस्तुत की गई। अलग-अलग मंडलों को कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा संगठनात्मक समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके योगदान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि संस्मरण पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को डॉ. मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराया जाएगा। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के लिए जनसंपर्क और वैचारिक संवाद का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य