शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में थाना मिर्जापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन कर रहे सात डंपरों को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और उपजिलाधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बेहट के नेतृत्व में थाना मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने पुलिस टीम के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध खनन सामग्री का परिवहन कर रहे सात डंपरों को रोककर जांच की। आवश्यक प्रपत्र प्रस्तुत न कर पाने पर सभी वाहनों को सीज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस ने सीज किए गए वाहनों के संबंध में आवश्यक रिपोर्ट संबंधित न्यायालय को भी भेज दी है।
पुलिस के अनुसार सीज किए गए डंपरों में UP-11 DT 3336, UP-11 DT 5768, UP-11 AT 2367, UP-11 DT 0664, UP-11 DT 7616, HR-37E-0068 तथा UK-17CA-2172 शामिल हैं। सभी वाहन अवैध रूप से खनिज सामग्री का परिवहन करते पाए गए।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक रामकुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








